Skip to playerSkip to main content
  • 9 years ago
बंपर ऑफर के कारण शोरूम के बाहर उमड़ी भीड़ और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों से राजधानी की सड़कें जाम हो गईं। सबसे ज्यादा बुरा हाल राजपुर रोड का रहा, यहां दुपहिया वाहन कंपनियों के सबसे ज्यादा शोरूम हैं। यही नहीं वाहन नहीं मिलने से कई शोरूम में जमकर हंगामा भी हुआ। स्थिति बेकाबू होती देख एसएसपी देहरादून स्वीटी अग्रवाल समेत तमाम अधिकारियों को सड़क पर उतरना पड़ा। एसएसपी ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए शोरूम में वाहनों की दुपहिया बिक्री पर रोक लगा दी।

बाइक-स्कूटर पर बंपर ऑफर जहां दुपहिया खरीदने वालों के लिए राहत लेकर आया, वहीं आम शहरवासियों ने मुसीबत बन गया। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश जारी किए हैं कि बीएस-3 स्टैंडर्ड के वाहन भारत में एक अप्रैल से नहीं बिकेंगे। इसके चलते ऑटोमोबाइल कंपनियों ने तैयार दुपहिया बेचने के लिए 15 से 20 फीसदी की छूट के ऑफर दे दिए। ताकि 31 मार्च तक इन गाड़ियों को बेचा जा सके। कंपनियों ने बड़े-बड़े विज्ञापन देकर लोगों को ऑफर की जानकारी दी। फिर क्या था शुक्रवार सुबह शोरूम पर लोगों की भीड़ टूट पड़ी। देहरादून में राजपुर रोड पर बजाज, टीवीएस, होंडा और हीरो समेत कई दुपहिया ऑटोमोबाइल कंपनियों के शोरूम हैं। यह शहर का सबसे व्यस्तम इलाका भी है। सुबह से शोरूम के बाहर भीड़ रही। शोरूम आने वाले लोगों की भीड़ के कारण बाहर सड़क पर कार-बाइकें बेतरतीब तरीके से खड़ी हो गईं। ऐसे में घंटाघर से लेकर जाखन तक ट्रैफिक फंसने लगा। दोपहर बाद जैसे ही स्कूलों की छूट्टी और दफ्तरों में लंच ब्रेक हुआ। हालात और बिगड़ गए। दोपहर एक बजे से सवा दो बजे तक करीब एक घंटे तक राजपुर रोड पर ट्रैफिक जहां तहां थक गया। तपती धूप में जाम और वाहनों का शोर से आसपास के लोग भी परेशान हो उठे। स्थिति अनियंत्रित होते देख एसएसपी स्वीटी अग्रवाल को खुद सड़क पर उतरना पड़ा। पुलिस ने सबसे पहले शोरूम में वाहनों की बिक्री बंद कराई और फिर बाहर खड़े वाहनों को हटवाया। एसएसपी ने आदेश दिए कि सभी दुपहिया शोरूम में वाहनों की बिक्री नहीं होगी। वहीं इससे पहले कई शोरूम में जमकर हंगामा भी हुआ। हंगामा ही नहीं राजपुर रोड पर एक शोरूम में लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में शहर के सभी शोरूम के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई।

Category

🗞
News
Comments

Recommended