Skip to playerSkip to main content
  • 9 years ago
रेल प्रशासन ने कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन की हर तैयारी का दावा किया है। लेकिन कोहरे में लेट चल रही ट्रेनों की सही जानकारी एनटीईएस और कंप्यूटरीकृत पूछताछ प्रणाली पर नहीं मिलने की बाबत अधिकारी खुद को मजबूर मान रहे हैं। गुरुवार को भागलपुर रेलखंड के निरीक्षण पर आए डीआरएम मोहित सिन्हा ने कहा कि यह मसला बोर्ड के ध्यान में है और इस पर काम हो रहा है। इससे इंकार नहीं कि यात्रियों को इससे परेशानी हो रही है।
डीआरएम ने कहा है कि पूर्व रेलवे में गंगा किनारे का इलाका होने के कारण पूरा भागलपुर रेलखंड फॉग प्रोन (कोहरे की अधिकता) क्षेत्र है। इसलिए कोहरे के लिहाज से यहां विशेष चौकसी बरती जा रही है। इसी के मद्देनजर उन्होंने गुरुवार को साहेबगंज से जमालपुर तक इंजीनियर की पूरी टीम के साथ रेल पटरियों का निरीक्षण किया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पटना-बांद्रा हमसफर एक्सप्रेस का भागलपुर तक विस्तार होगा। यह तय है। उन्होंने यह भी कहा कि फिजीबिलिटी रिपोर्ट लेने के बाद बोर्ड के स्तर से बांकी प्रक्रिया चल रही है, लेकिन कब से यह सेवा शुरू होगी इस पर अभी स्थानीय स्तर से नहीं कहा जा सकता है। गरीब रथ एक्सप्रेस में रैक बढ़ाने की बाबत भी उन्होंने कहा कि इस बात की जानकारी बोर्ड को है। उन्होंने कहा कि जल्द पूर्व रेलवे के जीएम जमालपुर वर्कशॉप के दौरे पर आएंगे।

Category

🗞
News

Recommended