एक मशीन से कई ट्रक चालकों की हो रही जांच, बिना सैनिटाइजर किए फैल सकता है जिले में भी कोरोना संक्रमण
-जिम्मेदारों की लापरवाही की वजह से जिले में भी कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा, जांच के नाम पर औपचारिकता पूरी करवा रहा स्वास्थ्य अमला
कटनी. जिले में कोरोना संक्रमित व्यक्ति प्रवेश न करे, इसके लिए सामग्री लेकर बाहर से आने वाले वाहन चालकों की स्वास्थ्य विभाग जांच करवा रहा है, लेकिन यह जांच महज एक औपचारिकता तक ही सीमित होकर रह गई है। जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों को ऑक्सीमीटर तो उपलब्ध करवा दिया है, लेकिन उसकी सफाई के लिए सैनिटाइजर नहीं कराया। जिसके चलते ऑक्सीमीटर मशीन को बिना सैनिटाइज किए ही कर्मचारी एक चालक से दूसरे चालक के हाथ में लगाकर जांच कर रहे। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की इस लापरवाही की वजह से जिले में भी ट्रक चालकों के माध्यम से कोरोना का संक्रमण प्रवेश कर सकता है। दो नाकों पर जाकर पत्रिका ने स्कैन किया तो बाहर से आने वाले ट्रक चालकों की जांच में स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेेदार अफसरों की लापरवाही सामने आई।
पीरबाबा बाइपास नाका-
जबलपुर सहित अन्य दूसरे जिले से आने वाले वाहन पीरबाबा बाइपास की तरफ से शहर में प्रवेश करते है। यहां पर जांच के लिए स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नाके पर मौजूद पुलिस वाहनों को रुकवाकर चालकों को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के पास भेजती है। यहां पर चालकों की अगुली में ऑक्सीमीटर मशीन लगाकर स्वास्थ्य कर्मचारी ने जांच की। इसके बाद कुछ ही देर में जब दूसरा चालक पहुंचा तो ऑक्सीमीटर मशीन को बिना सैनिटाइज किए दूसरे चालक के हाथ में लगा दी।
चाका बाइपास-
रीवा, सतना सहित दूसरे जिले की तरफ से आने वाले वाहन चालक चाका बाइपास से शहर में प्रवेश न करे, इसके लिए यहां पर भी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां पर भी स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही सामने आई। ड्यूटी पर लगे कर्मचारी को ऑक्सीमीटर मशीन तो दी है, लेकिन सैनिटाइजर नहीं दिया गया। जिससे यहां पर भी ऑक्सीमीटर को बिना सैनिटाइज किए ही वाहन चालकों की जांच की जा रही है।
इनका कहना है
स्वास्थ्य विभाग ने सैनिटाइजर क्यों नहीं उपलब्ध कराया है, इसके बारे में पता लगवाते है। लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अमलों पर कार्रवाई की जाएगी।
शशिभूषण सिंह, कलेक्टर।