लखीमपुर खीरी:-मतदान के दौरान सबसे ज्यादा घटनाएं मितौली तहसील से सामने आईं, जहां पूर्व सांसद और भाजपा नेता जुगुल किशोर पर तहसील के लिधियाई गांव के एक बूथ के अंदर घुसकर एजेंट को कमरे से बाहर करने का आरोप लगा। प्रधान पद के प्रत्याशी और जुगुल किशोर में तीखी बहस भी हुई। खंजननगर में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए दो प्रधान पद के प्रत्याशी आमने-सामने आ गए और उनके समर्थक भिड़ गए। जिसमें, दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए। यहां पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। वहीं मितौली के ही चपरदहा पोलिंग बूथ की मतदान कर्मी महिला शिक्षिका की सुबह पांच बजे अज्ञात कारणों के चलते मौत हो गई। जबकि, मितौली के ही बबौना गांव में वोट डालकर लौट रहीं दो महिलाओं को एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। मितौली के ही मड़रिया गांव के पोलिंग बूथ पर दो पक्षों में हुई मारपीट के बाद वोटिंग रोक दी गई।
Comments