सवाईमाधोपुर. नगर निकाय चुनाव को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर सियासी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। लंबे इंतजार के बाद भाजपा और कांग्रेस ने अपराह्न तीन बजे बाद अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। टिकट घोषित होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं और वार्डों में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। उधर, नामांकन के अंतिम दिन जिला कलक्ट्रेट परिसर में सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। दोपहर बाद तक परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया। कलक्ट्रेट में तीनों काउंटर पर सुबह से कतारों में भीड़ नजर आई।
भाजपा ने नगर निकाय चुनाव में 60 में से 59 वार्डों में प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, जबकि वार्ड संख्या 37 को रिक्त रखा है। भाजपा जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि पार्टी ने सभी घोषित प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। नगर निकाय चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत और संयोजक राजेश गोयल ने जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर पार्टी प्रत्याशियों के सिंबल भी जमा कराए।
अंतिम दिन उमड़ा हुजूम, समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशी
नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में सुबह से ही चुनावी रंग चढ़ा नजर आया। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी नामांकन दाखिल कराने पहुंचे। इसके अलावा कई वार्डों से निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी ताल ठोकी। प्रत्याशियों के पहुंचने के साथ समर्थकों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही से कलक्ट्रेट परिसर के आसपास दिनभर गहमागहमी बनी रही। टिकट मिलने के बाद प्रत्याशी समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान समर्थकों में अपने प्रत्याशी को लेकर खासा उत्साह नजर आया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब वार्डों में आमने-सामने की चुनावी तस्वीर भी सामने आने लगी है।
टिकट मिलते ही बदला माहौल
भाजपा-कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों के नाम घोषित होने के बाद कई वार्डों में चुनावी चर्चाएं तेज हो गईं। लंबे समय से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे दावेदारों में से कुछ के चेहरे पर खुशी दिखी तो टिकट से वंचित रहे दावेदारों के अगले कदम को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गईं। अब प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में मतदाताओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में जुटेंगे। टिकट घोषणा और नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक होने के आसार हैं।