जैसलमेर. सीमावर्ती जैसलमेर जिले की 10 पंचायत समितियों में से आधी यानी 5 समितियों में महिलाएं प्रधान पद की कमान संभालेंगी। बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में स्कूली बालिकाओं की ओर से निकाली गई लॉटरी से इन समितियों में भविष्य के नेतृत्व का निर्णय हुआ। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में आयोजित ड्रॉ ऑफ लॉट्स की बैठक में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, अतिरिक्त कलक्टर परसराम सैनी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर, हरीश धनदेव, सवाईसिंह गोगली सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। लॉटरी के बाद खुहड़ी, फतेहगढ़ और रामदेवरा को अनारक्षित महिला वर्ग के लिए रखा गया है। इसके अलावा मोहनगढ़ पंचायत समिति को अनुसूचित जाति महिला और नाचना पंचायत समिति को अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इन पांचों सीटों पर केवल महिला उम्मीदवार ही प्रधान पद के लिए दावेदारी कर सकेंगी। वहीं शेष 5 समितियों में पुरुष और महिला चुनाव लडऩे के लिए पात्र होंगे। इनमें भणियाणा और सांकड़ा पंचायत समिति को अनारक्षित रखा गया है। वहीं, रामगढ़ पंचायत समिति को अनुसूचित जाति ओपन, राजमथाई को अन्य पिछड़ा वर्ग ओपन और जैसलमेर पंचायत समिति को अनुसूचित जनजाति ओपन घोषित किया गया है।