देवास: देवास के खिवनी अभ्यारण में बाघिन मीरा ने नीलगाय का शिकार किया है. खिवनी अभ्यारण आने वाले पर्यटकों ने पहली बार ऐसा नजारा देखा और उसे अपने मोबाइल में कैद कर लिया. वन विभाग के अधिकारी भीम सिंह ने मीडिया को बताया कि "प्रदेश के देवास जिले का खिवनी अभयारण्य देवास और सीहोर जिले की सीमा में लगभग 134 वर्ग किलोमीटर में फैला है. अभयारण्य में बाघ, तेंदुआ, भालू, जंगली कुत्ते, लकड़बग्घा, विभिन्न प्रजातियों के हिरण, कई प्रजातियों के सांप सहित 100 से अधिक प्रजातियों के पक्षी भी रहते हैं. वर्तमान में प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों से बाघ सहित विभिन्न वन्य प्राणियों को देखने खिवनी में पर्यटकों का जमावड़ा भी देखने मिलता नजर आ रहा है. खिवनी में सबसे ज्यादा पर्यटक बाघों को देखने आ रहे हैं और रोमांचित होते हुए अपने कैमरों में भी उनका वीडियो और तस्वीरें कैद करते नजर आ रहे हैं. अब खिवनी में वन्य प्राणियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है. वन विभाग द्वारा खिवनी में मौजूद विलुप्त वन्य प्राणियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा रहा है और सुरक्षा का पूरा जिम्मा भी उठाया जा रहा है."