नई दिल्ली: शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही भक्त मां कालका के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए. मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा. श्रद्धालु मन में मुरादें लेकर माता के दरबार पहुंचे और दर्शन कर खुशी जताई.फरीदाबाद से माता के दर्शन को पहुंचे सुमित गुलाटी ने कहा कि वह मां कालका के अनन्य भक्त हैं और अष्टमी पर दर्शन करके उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है. वहीं, अन्य श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन और अर्धसैनिक बलों की व्यवस्था की सराहना की. भक्तों ने बताया कि भीड़ के बावजूद दर्शन सुचारू रूप से हो रहे हैं. जानकारी के अनुसार, नवरात्र के शुरुआती सात दिनों में करीब 12 लाख श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके हैं. भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
Comments