Skip to playerSkip to main content
  • 2 hours ago
सवाईमाधोपुर में पायलट प्रशिक्षण केंद्र की घोषणा हवा-हवाई

सवाईमाधोपुर. राज्य सरकार ने भले ही पायलट बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए जिले में पायलट प्रशिक्षण केन्द्र खोलने की घोषणा की हो मगर नौ माह बाद भी यह घोषणा जमीन पर नहीं उतरी है। ऐसे में फिलहाल पायलट प्रशिक्षण केंद्र की घोषणा हवा-हवाई ही साबित हो रही है। सवाईमाधोपुर में पायलट प्रशिक्षण केंद्र खोलने का सपना दिखाने वाली राज्य सरकार नौ माह बाद भी इस दिशा में एक कदम आगे नहीं बढ़ पाई है।

11 फरवरी को राजस्थान सरकार के बजट 2026-27 में उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी ने जिले में फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) स्थापित करने की घोषणा की थी। इसके बाद उम्मीद जगी थी कि रणथंभौर और पर्यटन के लिए देश-दुनिया में पहचान रखने वाला सवाईमाधोपुर अब विमानन प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाएगा, लेकिन घोषणा के बाद से ही योजना सरकारी फाइलों में उलझी नजर आ रही है। नौ माह गुजरने के बावजूद सरकार की ओर से न तो कोई गाइडलाइन जारी की गई है और न ही केंद्र की स्थापना को लेकर कोई ठोस तैयारी सामने आई है।
घोषणा हुई, लेकिन आगे की राह तय नहीं
बजट घोषणा के बाद जिले के लोगों को उम्मीद थी कि पायलट प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत स्थान चयन, जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से जुड़ी कार्ययोजना पर काम आगे बढ़ेगा, लेकिन अब तक इन पहलुओं पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। सरकार की ओर से दिशा-निर्देश जारी नहीं होने के कारण योजना की प्रगति को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में बजट में घोषित इस महत्वपूर्ण परियोजना का भविष्य अधर में नजर आ रहा है।

युवाओं को जिले में अवसर मिलने की जगी थी उम्मीद

सवाईमाधोपुर में फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिल सकता था। पायलट बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की मजबूरी कम होने की उम्मीद थी। इससे जिले में विमानन प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते थे। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिले के लिए यह परियोजना विकास की नई संभावनाएं खोल सकती थी, लेकिन घोषणा के बाद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठने से इन उम्मीदों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
बजट की घोषणा को धरातल पर उतारने का इंतजार
बजट में किसी परियोजना की घोषणा के बाद उसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू होना जरूरी है, लेकिन सवाईमाधोपुर के पायलट प्रशिक्षण केंद्र के मामले में अब तक यही सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। सरकार की ओर से न समय सीमा स्पष्ट की गई है और न ही स्थापना की प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि जिले को विमानन प्रशिक्षण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाली घोषणा आखिर कब धरातल पर उतरेगी। फिलहाल पायलट प्रशिक्षण केंद्र का इंतजार जारी है और बजट में किया गया वादा पूरा होने की राह देख रहा है।

.....................
इनका कहना है...

बजट में राज्य सरकार की ओर से पायलट प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की थी लेकिन अब तक इस संबंध में कोई गाइडलाइन नहीं आई है।
गोविंदसहाय मीना, अ​धिशासी अ​भियंता पीडब्ल्यूडी, सवाईमाधोपुर

Category

🗞
News
Transcript
00:00I

Recommended