CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष एक बार फिर हल्ला बोलने जा रहा है. इस बार विपक्ष ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग की कार्रवाई करेगा. ये कार्रवाई दिल्ली की रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की तय महारैली से एक दिन पहले यानी 30 अक्टूबर को होगी. इसके बाद दिल्ली चलो मार्च निकलेगा, जिसका अंत राम लीला मैदान में 1 नवंबर को होगा. पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने X पर लिखा कि संविधान को बचाने और 'वोट चोर' को हराने की हमारी कोशिश में इंडिया ब्लॉक 30 अक्टूबर को एक जरूरी सार्वजनिक महाभियोग कार्यवाही करेगा. जहां 'वोट चोर' सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए जनता का फैसला जोरदार और साफ तौर पर सुनाया जाएगा. वेणुगोपाल ने आगे लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी I.N.D.I.A. ब्लॉक पार्टियों से रिक्वेस्ट की है कि उनके लीडर और मेंबर इस दौरान पूरी ताकत से दिल्ली में मौजूद रहें. CEC के खिलाफ रैली की तैयारियों को लेकर वेणुगोपाल ने कांग्रेस के नेशनल ट्रेजरर अजय माकन, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेसिडेंट देवेंद्र यादव और राष्ट्रीय राजधानी के सीनियर लीडर के साथ बैठक की. कांग्रेस कथित 'वोट चोरी' को लेकर इंडिया ब्लॉक के प्रोटेस्ट को लीड कर रही है और कुमार को हटाने की मांग कर रही है. पार्टी ने पहले सत्ताधारी बीजेपी से सवाल किया था कि वह कुमार को निकालने के बजाय उनका बचाव क्यों कर रही है?