Skip to playerSkip to main content
  • 6 years ago
पोस्टमार्टम से खुला राज, फंदे पर लटके मिले बालक की हुई थी हत्या। पिता की डांट के बाद घर से निकले बालक का शव फंदे पर जंगल में लटका मिला था। मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हुआ था। लेकिन एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामला हत्या का मान कर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। जल्द ही घटनाक्रम से पर्दा उठाने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है। घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलाई में रहने वाले 14 वर्षीय बालक संदीप पिता अर्जुन बागरी की लाश घर से कुछ दूर जंगल में पेड़ पर लटकी मिली थी। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया था। पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों का कहना था कि संदीप ने घर पर कुछ रुपए चुराए थे। जिसको लेकर पिता ने उसे डांटा था। संभवत: इसी के चलते उसने फांसी लगाई। लेकिन जांच के लिए घटनास्थल पहुंचे एफएसएल अधिकारी डॉ. अरविंद नायक ने विवेचना के दौरान संदेह जताया और जिला अस्पताल में लाश देखने के बाद उस पर कुछ चोट के निशान भी पाए। पोस्टमार्टम के बाद मामला फांसी लगाने का ना होकर हत्या का होना सामने आया। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि बालक को मारकर फंदे पर लटकाया गया है और साक्ष्य छुपाने के लिए घटनाक्रम को फांसी का दिखाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने रविवार देर रात मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घट्टिया थाने के एसआई एनएस ठाकुर का कहना था कि परिजनों और गांव वालों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद खुलासा किया जाएगा।

Category

🗞
News

Recommended