Skip to playerSkip to main content
  • 6 years ago
जयपुर। आयुर्वेद चिकित्सा में बेचलर डिग्रीधारियों और प्रेक्टिशनर्स के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार अब एक हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती करने जा रही है। राज्य चुनाव आयोग को इसका प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद व भारतीय चिकित्सा विभाग में रिक्त पदों पर यह भर्तियां की जाएंगी। राज्य सरकार ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद और भारतीय चिकित्सा विभाग की कोरोना संक्रमण काल में अहम भूमिका रही है। विभाग प्रदेशभर में संक्रमण से बचाव के लिए काम कर रहा है। रोग—प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले काढे का लगातार वितरण किया जा रहा है। अब नई भर्तियों से विभाग की कार्यक्षमता में बढ़ोतरी होगी और मरीजों को फायदा होगा।
इन पदों पर होनी है भर्ती
चिकित्सा मंत्री ने बताया कि इस भर्ती के तहत 450 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती की जाएगी। वहीं उदयपुर आयुर्वेद कॉलेज में 13 प्राध्यापकों की नियुक्ति भी की जाएगी। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी के 33 पदों पर भर्ती के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग को अभ्यर्थना भेजी जा चुकी है। वहीं आयुर्वेद नर्स व कम्पाउंडर के 550 पदों पर भर्ती के लिए राज्य चुनाव आयोग से मंजूरी के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया है।

ट्रांसफर से लिए मांगे ऑनलाइन आवेदन
इसके साथ ही आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग में कार्यरत चिकित्साकर्मी अपने ट्रांसफर के लिए अब ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित प्रक्रिया के मुताबिक आयुर्वेद, होम्योपैथी व यूनानी निदेशालय के अधिकारी व कर्मचारी ऑनलाइन आवेदन 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच विभाग की वेबसाइट पर कर सकते हैं।

Category

🗞
News

Recommended