नई दिल्ली: नवरात्र के दूसरे दिन दिल्ली के कालकाजी मंदिर में सोमवार सुबह हुई बारिश का असर देखने को मिला. बारिश से मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी रही, इससे वहां पहुंचे भक्तों को मां कालका के दर्शन करने में आसानी हुई. नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की जाती है. कालकाजी मंदिर में सुबह मंगल आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए दरबार खोल दिया गया. इसके बाद भक्त परिवार के साथ मां के दर्शन करने पहुंचे. मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड और मंदिर के वॉलंटियर्स तैनात रहे. श्रद्धालु निशांत, अजय अग्रवाल, शशिकला, ज्योति और मनोज ने बताया कि इस बार उन्हें आसानी से मां के दर्शन हुए. उन्होंने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया. नवरात्र के नौ दिनों तक कालकाजी मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद रहती है. ऐसे में भक्तों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस और मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जाते हैं.