भारत के सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स (सैटकॉम) सेक्टर में इस समय दुनिया के दो सबसे बड़े दिग्गजों— रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क— के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. एलन मस्क की कंपनी 'स्टारलिंक' की भारत में एंट्री को लेकर दोनों पक्षों की ओर से तीखे बयान सामने आए हैं. इस पूरे विवाद पर रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि उसे भारत के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में स्टारलिंक सहित किसी भी विदेशी कंपनी से कोई डर नहीं है. हालांकि, कंपनी ने जोर देकर कहा कि भारत में कारोबार करने वाले हर खिलाड़ी को देश के कानून और नियमों का पालन करना होगा.