नई दिल्ली: अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) ने अपने दस साल के सफर में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वर्ष 2016 में पोटा केबिन से शुरू हुए संस्थान में आज रोजाना 3,000 से अधिक ओपीडी सेवाएं दी जा रही हैं. स्थापना दिवस पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2016 से सितंबर 2026 तक संस्थान के मुख्य परिसर और विभिन्न संबद्ध केंद्रों में कुल 37,74,524 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं.AIIA के निदेशक प्रो.(वैद्य) पी.के. प्रजापति ने बताया कि शुरुआत में यहां रोजाना करीब 30 मरीज ओपीडी में आते थे, लेकिन आज संस्थान आधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़े परिसर के रूप में विकसित हो चुका है. दिल्ली स्थित मुख्य परिसर में 30,37,077 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि अन्य केंद्रों में करीब 7.37 लाख मरीजों को सेवाएं मिलीं. कोविड-19 के बाद आयुर्वेद के प्रति बढ़ते विश्वास के बीच 2020 में 1.23 लाख मरीजों के मुकाबले सितंबर 2026 तक मरीजों की संख्या 5.40 लाख से अधिक पहुंच गई. संस्थान में 200 बिस्तरों की आईपीडी सुविधा भी उपलब्ध है.