अभिनेत्री और बीजेपी सासंद कंगना रनौत ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर का समर्थन किया है.उन्होंने कहा कि भले ही उनके राजनीतिक विचार अलग-अलग हों, लेकिन उनका मानना है कि टीआरपी के लिए किसी भी महिला को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए. राठौर और रनौत के बीच अक्सर टकराव देखने को मिलता है. राठौर अपने व्यंग्यात्मक राजनीतिक लोक गीतों के लिए जानी जाती हैं, जिनमें अक्सर बीजेपी को निशाना बनाया जाता है. हाल ही में एक न्यूज़ चैनल ने एक रिपोर्ट प्रसारित की, जिसमें राठौर के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. नेहा सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि चैनल ने उन्हें सेक्स वर्कर के रुप में दिखाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की. रविवार को उन्होंने अपने 'X' पर एक पोस्ट साझा की और कंगना रनौत से पूछा कि क्या वह इस पर कुछ कहना चाहती हैं. रनौत ने एक पोस्ट के जरिए जवाब दिया और कहा कि टीआरपी के लिए किसी भी महिला को बिना किसी आधार के बदनाम करना बेहद घिनौना काम है. चैनल के प्रमुख को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. हालांकि बाद में चैनल ने नेहा सिंह राठौर से माफी मांगी.