विदिशा: दशहरे के अवसर पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन समारोह शुरू हो गया है. शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और माता रानी के जयकारों के साथ देवी प्रतिमाओं को विदाई दे रहे हैं. शहर में निकल रहे चल समारोह में इस बार माता रानी एक्सप्रेस नाम से तैयार की गई अनोखी झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. इस झांकी की खास बात यह है कि इसे असली ट्रेन की तरह दिखाने के लिए जीप और ठेले का इस्तेमाल किया गया है. इन्हें रेलवे के डिब्बों की तर्ज पर सजाकर चलती हुई ट्रेन का रूप दिया गया है. सड़क पर आगे बढ़ती यह झांकी ऐसी नजर आ रही है, मानो रेल के डिब्बे शहर की सड़कों पर दौड़ रहे हों. झांकी के अलग-अलग कोचों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, जिनमें माता रानी की प्रतिमाएं और विभिन्न धार्मिक स्वरूप देखने को मिल रहे हैं. डिब्बों पर विदिशा-माता रानी एक्सप्रेस-भोपाल लिखा गया है. सड़क पर चलती ट्रेन जैसी इस झांकी को देखने के लिए लोगों में खास उत्साह नजर आ रहा है.