बुरहानपुर: मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात में जिले के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में स्थित ताप्ती रिट्रीट होटल के पास एक चलती कार में आग लगने का मामला सामने आया है. आग की लपटे देख चालक के होश उड़ गए, उसने चलती कार से बिना देर गवाएं कूदकर जान बचाई. पुलिसकर्मियों ने कार पर पानी का छिड़काव कराया, लेकिन कार बुरी तरह जलकर खाक हो गई. सूचना के बाद फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची, फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू किया. शिकारपुरा थाने के एसआई दिलीप सिंह ने बताया कि, ''रात्रि गश्त के दौरान एक जलती कार पर नजर पड़ी. आरक्षक महेंद्र प्रताप, जीतेन्द्र तोमर, सहित विनोद ने चालक को तात्कालिक राहत मुहैया कराई. स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया, फिलहाल मामले की जांच जारी है.''
Comments