Skip to playerSkip to main content
  • 1 minute ago
सवाईमाधोपुर. त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा से आया 2800 किलोग्राम मावा पकड़ा। 70 टोकरियों में भरा यह मावा ऑटो, कार और पिकअप वाहनों के जरिए बजरिया और सवाईमाधोपुर शहर के व्यापारियों की दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था। सुबह करीब 3:30 से 5 बजे के बीच की गई इस कार्रवाई से मावा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर पहुंची। यहां आगरा फोर्ट से आए मावे को अलग-अलग वाहनों में भरकर शहर की ओर ले जाया जा रहा था। संदेह होने पर टीम ने कुंडेरा बस स्टैंड से पहले वाहनों को रुकवाकर जांच की तो उनमें मावे की बड़ी खेप मिली। इसके बाद टीम ने मौके पर ही संबंधित व्यापारियों और माल के मालिकों को बुलवाया।
मौके पर बुलाए मालिक, लिए मावे के नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल और वीरेंद्र सिंह राजपूत ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मावे के नमूने लिए। हालांकि पांच टोकरियों के मालिक मौके पर नहीं पहुंचे। इसकी सूचना अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दी। इसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे। शेष पांच टोकरियों के मावे को संभावित मालिक के आने तक डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखवाकर सीज कर दिया।

जयपुर प्रयोगशाला में होगी गुणवत्ता की जांच

विभाग की ओर से लिए गए मावे के नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने तक मावे की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Category

🗞
News

Recommended