सवाईमाधोपुर. पंचायती राज चुनाव की सरगर्मी शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन चरम पर नजर आई। जिला परिषद और बामनवास, बौंली, खण्डार व मलारना डूंगर पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए पर्चा दाखिल करने को लेकर दिनभर गहमागहमी रही। चुनाव मैदान में उतरने के इच्छुक प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट सभागार व परिसर के बाहर भी प्रत्याशी व समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के पहुंचने से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।
अंतिम दिन नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रत्याशियों में उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों की मौजूदगी और उम्मीदवारों की आवाजाही के बीच कलक्ट्रेट परिसर में चुनावी चर्चाएं भी चलती रहीं। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी की नजरें संवीक्षा और नाम वापसी पर टिक गई हैं। इन प्रक्रियाओं के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी। मेले सा रहा माहौल, महिला प्रत्याशी भी पहुंचीं नामांकन दाखिल करने नामांकन के अंतिम दिन जिला कलक्ट्रेट परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान महिला प्रत्याशियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। वे भी अपने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल करने पहुंचीं। कलक्ट्रेट परिसर के बाहर दिनभर लोगों की आवाजाही और चुनावी चर्चाओं का दौर चलता रहा। संवीक्षा आज, 26 अक्टूबर तक नाम वापसी नामांकन पत्रों की संवीक्षा शनिवार को सुबह 11 बजे से होगी। इसके बाद अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। साथ ही चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों और मुकाबले की स्थिति साफ हो जाएगी।