कोरोना काल में आफत की बारिश ने भी दस्तक दे दी है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश ने तांडव करना शुरू कर दिया है. कोरोना वायरस के बीच मुंबई बारिश से भी बेहाल हो गई है. हर साल की तरह इस साल भी भारी बारिश से निचले इलाकों में अभी से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में अगले तीन दिन भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने अपनी चेतावनी में मुंबई, पालघर, रायगढ़ और कोंकण इलाके में भारी और बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है.